भोपाल। बीते तीन दिनों की तरह ही मध्यप्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र के चौथे दिन (बुधवार) की शुरूआत भी हंगामेदार रही। कांग्रेस विधायक टोंटी लेकर विधानसभा पहुंचे। दरअसल, उन्होंने जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए विधानसभा परिसर में नारेबाजी की। (MP Assembly Winter Session)

इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र में विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। इसलिए पार्टी विधायकों ने तय किया है कि वे अपना वेतन नहीं लेंगे।’ उन्होंने कहा कि इससे जुड़ा पत्र आज विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष सदन के पटल पर रखा जाएगा। इसमें हमने अनुरोध किया है कि कांग्रेस विधायकों की तनख्वाह से उनके क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएं। (MP Assembly Winter Session)

वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने पूर्वजों ने कोई काम नहीं किया। कांग्रेस के समय सूखा पड़ा हुआ था, मोहन सरकार घर-घर पानी दे रही है। जो बहनें पहले कई किलोमीटर दूर से पानी लेने जाती थीं, उनको घर में ही पानी मिल रहा है।

इंदौर में ED की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, कांग्रेस नेता के बाद रूचि सोया के पूर्व मालिक के घर पर मारी रेड, इस मामले में हैं आरोपी

7 विधेयक होंगे मंजूर

आज विधानसभा में 7 विधेयक को सदन के पटल पर पेश किया जाएगा। जिन्हें विधायकों की वोटिंग के बाद पारित किया जाएगा। ये विधेयक हैं – मध्यप्रदेश माल और सेवा कर तीसरा संशोधन विधेयक 2024, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष वेतन और भत्ता संशोधन विधेयक 2024, मध्यप्रदेश विधानसभा नेता प्रतिपक्ष वेतन और भत्ता संशोधन विधेयक (इन दोनों ही विधेयकों पर 10 मिनट चर्चा होगी), मध्यप्रदेश नगर पालिका निगम संशोधन विधेयक 2024, मध्यप्रदेश नगरपालिका दूसरा संशोधन विधेयक 2024 (इन दोनों ही विधेयकों पर आधा घंटा चर्चा होगी), मध्यप्रदेश जन विश्वास उपबंधों का संशोधन विधेयक 2024 (1 घंटे चर्चा होगी) और मध्यप्रदेश निजी विद्यालय फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन संशोधन विधेयक 2024 (इस विधेयक पर आधा घंटे चर्चा होगी)।

खबर लिखे जाने तक विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष(वेतन-भत्ता) संशोधन 2024 विधेयक पास हो गया है। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधेयक सदन के पटल पर रखा। अब से विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष अपना इनकम टैक्स खुद जमा करेंगे। 3 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित हो गई है। लंच के बाद दोबारा होगी शुरू।

विधेयकों पर चर्चा के बाद प्रदेश के खाद संकट पर भी चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष सिंघार को नियम 139 के तहत लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए परमिशन दी है।