भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार का एक साल पूरा होने पर पूरे प्रदेश में जनकल्याण पर्व मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सीएम डॉ मोहन यादव आज शहडोल पहुंचे। जहां उन्होंने सरसी पर्यटन केन्द्र एवं आइलैंड रिसॉर्ट का लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि बाणसागर बांध के बैकवॉटर में बना सरसी आईलैंड अंडमान निकोबार से कम नहीं है। यह पर्यटन के वैश्विक मैप पर मध्य प्रदेश की नई पहचान बनेगा। (CM Dr. Mohan Yadav)

इसके साथ ही अपने संबोधन के दौरान सीएम ने भगवान श्रीराम और कृष्ण को लेकर विपक्षियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण से तुम्हारे कौन से जन्म के झगड़े हैं। (CM Dr. Mohan Yadav)

‘हम कृष्ण और राम की बात सुनाएंगे और तुमको सुनना पड़ेगा’

सीएम ने आगे कहा कि जब हम भगवान कृष्ण और राम की बात करते हैं तो विरोधी कहते हैं कि भगवान कृष्ण और राम की बात सुना रहे हैं। सीएम ने आगे कहा, हां सुनाते हैं, डंके की चोट पर तुम्हारी छाती में पांव रखकर कृष्ण और राम की बात सुनाएंगे और तुमको सुनना पड़ेगा। सीएम ने विरोधी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब बांग्लादेश में गड़बड़ होती है, तो इनके मुंह में ताले जड़ जाते हैं। वहीं, इजराइल बम गिरा दे तो हाय अल्ला-हाय अल्ला चिल्लाने लगते हैं।

SARSI ISLAND HISTORY : सेना के रिटायर अधिकारी ने की सरसी आईलैंड की खोज, जानिए इस अंडमान-निकोबार जैसी खूबसूरत जगह के बनने की पूरी कहानी

ब्योहारी में किया करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सरसी के अलावा शहडोल के ब्यौहारी भी पहुंचे। जहां उन्होंने ‘जनकल्याण पर्व’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर लगभग 320 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। राज्य स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल एवं पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भावसिंह लोधी विशेष रूप से उपस्थित रहे।